Indore Davv News – युवा उत्सव के लिए डीएवीवी इंदौर में तैयारियां शुरू, कल बनाएंगे सांस्कृतिक समितियां

sadbhawnapaati
2 Min Read

Education News. उच्च शिक्षा विभाग ने युवा उत्सव को लेकर तारीख तय कर दी। अब देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (देअविवि) कॉलेजों में गतिविधियों को लेकर तैयारियां करने में लगा है। शुक्रवार को सांस्कृतिक समितियों के विषय में बैठक बुलाई है। जहां सरकारी व अग्रणी कॉलेजों के प्राचार्यों को बुलाया है। खास बात यह है कि अमृत महोत्सव से युवा उत्सव को जोड़ा जा रहा है। वाद-विवाद, एकांकी और पोस्टर प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संघर्ष, शहीदों, मध्य प्रदेश की परिकल्पना, अज्ञात क्रांतिकारियों और वीरांगनाओं से जुड़े विषय रखना है। बैठक में इसके बारे में भी चर्चा की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक समिति सदस्य बनाए जाएंगे। तीन दिन पहले विभाग ने अंतर कक्षाएं 19-21 दिसंबर, अंतर महाविद्यालय (28-30 दिसंबर), अंतर जिला विश्वविद्यालय (सात-नौ जनवरी 2022) और अंतर विश्वविद्यालय (20-22 जनवरी 2022) युवा उत्सव की तारीख निकाली है।
इसके आधार पर प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों को उत्सव की गतिविधियां संचालित करना है। छात्र कल्याण संघ के अध्यक्ष डॉ. एलके त्रिपाठी का कहना है कि विश्वविद्यालय के विभाग, सरकारी व अग्रणी कालेजों के प्राचार्य व प्रशासनिक अधिकारियों की 17 दिसंबर दोपहर एक बजे बैठक बुलाई है। वे बताते है कि युवा उत्सव में 22 विधाएं रहेंगी। गतिविधियों के संचालन के लिए समिति बनाएंगे। एकांकी, परिचर्चा, वाद-विवाद पोस्टर प्रदर्शनी को स्वतंत्रता से जोड़कर प्रस्तुत करना है, जबकि बाकी गतिविधियों में लगने वाले बैनर-पोस्टर पर अमृत महोत्सव का उल्लेख करना है। समितियों की निगरानी अग्रणी कॉलेज के प्राचार्य को करना है। वे बताते है कि कालेजों को उत्सव में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की सूची 18 दिसंबर तक भेजना है।
Share This Article