MP Top News – मध्यप्रदेश की खास खबरें |

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
6 Min Read

MP News – 1

पूर्व क्षेत्र बिजली कंपनी ने लागू किया पेंशन मैनेजमेंट सिस्टम

पेंशनरों को कंपनी के पोर्टल पर मिलेगी संपूर्ण जानकारीमप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड से सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को अब पेंशन प्रकरणों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पडेंगे। कंपनी द्वारा पेंशन निर्धारण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और आटोमेटिक बनाया गया है। पेंशन से संबंधित सभी जानकारी सर्व संबंधितों को एक ही पटल पर उपलब्ध कराने एवं उसकी समीक्षा की व्यवस्था के उद्देश्य से पेंशन मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया गया है।
कंपनी से सेवानिवृत्त होने जा रहे अधिकारी एवं कर्मचारियों के आवेदन प्रस्तुत करने से लेकर पेंशन आदेश (पीओ), पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) जारी होने तक की जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। इस प्रणाली में प्रस्तुत किए गए आवेदन के अनुमोदन एवं आदेश जारी होने की सूचना संबंधित पेंशनर को एसएमएस के माध्यम से भेजी जायेगी। पेंशन मैनेजमेंट सिस्टम के लिए अलग से पोर्टल pms.mpez.co.in बनाया गया है।  इस पर लॉगिन कर पेंशन प्रकरण से संबंधित संपूर्ण जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी ।

MP News – 2

 

जबलपुर: आधा दर्जन नवनियुक्त जजों का शपथग्रहण समारोह मंगलवार को

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में नियुक्त हुए आधा दर्जन जजों का शपथग्रहण समारोह 15 फरवरी की सुबह प्रात 10.15 बजे साउथ ब्लॉक सभागार में आयोजित किया गया है। जहां पर चीफ जस्टिस विजय मलीमठ उक्त सभी नव नियुक्त जजों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। उससे पूर्व रजिस्ट्रार जनरल राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट (नियुक्ति पत्र) का वाचन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि सर्वोच्च न्यायालय के कॉलेजियम की बैठक 29 जनवरी को हुई थी। इसमें जबलपुर के अधिवक्ता मनिंदर सिंह भटटी, इंदौर के अधिवक्ता मिलिंद रमेश फड़के तथा ग्वालियर के अधिवक्ता डीडी बंसल के अलावा उच्च न्यायिक सेवा के अमरनाथ केशरवानी, प्रकाश चंद्र गुप्ता तथा दिनेश कुमार पालीवाल को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में जज नियुक्त करने की सिफारिश राष्ट्रपति से की थी। राष्ट्रपति की मुहर लगते ही भारत सरकार के विधि एवं विधायी विभाग ने इस संबंध में गत दिनों अधिसूचना जारी की थी। जिसके बाद से हाईकोर्ट में उक्त नवनियुक्त जजों की शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी थी। मंगलवार को उक्त सभी नवनियुक्त छह जजों को शपथ दिलाई जाएगी। मप्र हाईकोर्ट में स्वीकृत जजों की संख्या 53 है। आधा दर्जन जजों की नियुक्ति के बाद कुल नियुक्ति जजों की संख्या 35 हो जाएगी।
अदालतों में लौटी रौनक, बढ़ी चहल-पहल
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के मद्देनजर हाईकोर्ट व अधीनस्थ न्यायालयों में बंद भौतिक सुनवाई अब एक मर्तबा सोमवार से शुरू हो गई। इससे अदालतों में एक मर्तबा फिर रौनक लौटी और पूरे परिसर में चहल-पहल पहले जैसी नजर आई।

उल्लेखनीय है कि कोरोना की तीसरी लहर के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए गत माह न्यायालय में फिजिकल सुनवाई बंद कर वर्चुअल सुनवाई शुरू की गई थी। जिसके बाद अब संक्रमण की रफ्तार में कमी आई और पुनरू एक मर्तबा फिजिकल सुनवाई के आदेश जारी कर दिये गये, जिससे सोमवार से अदालतों में सुनवाई शुरू हुई और वकीलों व पक्षकारों ने राहत की सांस ली। हाईकोर्ट प्रशासन ने सभी को कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

MP News – 3

 
स्लीमनाबाद टनल हादसा: मृतकों के परिजन को 4-4 लाख और घायलों को 50-50 हजार की सहायता
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कटनी के स्लीमनाबाद क्षेत्र में बरगी परियोजना में निर्माणाधीन टनल हादसे में 2 श्रमिकों की मृत्यु पर गहन शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि अथक प्रयासों के बाद भी हम टनल में फंसे दो श्रमिकों का जीवन नहीं बचा सके। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजन को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना ईश्वर से की है। हादसे में घायल सभी श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये और मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
 

MP News – 4

 
32 हजार छात्रों ने पूछी परीक्षाओं की समस्या, मप्र में 17 फरवरी से शुरू हो रही शिक्षा मंडल परीक्षा

माशिमं की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 17 और 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। विद्यार्थियों में अपनी परीक्षाओं को लेकर तनाव और दबाव महसूस हो रहा है। इसलिए मंडल ने हेल्पलाइन शुरू की है। इसमें अभी तक 32 हजार विद्यार्थी फोन कर अपनी समस्याओं का निराकरण हासिल कर चुके हैं। हेल्पलाइन में सुबह आठ से शाम आठ बजे तक हर दिन औसतन 500 काल आ रहे हैं। यहां 18 काउंसलर विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता की भी काउंसलिंग कर रहे हैं। उन्हें बताया जा रहा है कि बच्चों पर अच्छे अंक लाने का दबाव नहीं डालें। परीक्षा तिथि नजदीक आने पर फरवरी में कॉल की संख्या दोगुना हो गई है। प्रदेश के 3861 परीक्षा केंद्रों पर करीब 17 लाख विद्यार्थी दोनों परीक्षाओं में शामिल होंगे।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।