मसालों के निर्यात में विशेष स्थान बनाएगा मध्य प्रदेश :मुख्यमंत्री

sadbhawnapaati
2 Min Read

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश की विकास दर, करंट प्राइजेस पर देश में सबसे अधिक रही है। यह 19.7 प्रतिशत है। इसमें सबसे अधिक योगदान कृषि का है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परम्परागत फसलों के साथ अधिक लाभ वाली फसलें लेने के लिए किसानों को निरंतर प्रोत्साहित कर रहे हैं। बुरहानपुर ने मसाला फसलों के उत्पादन में विशेष स्थान बनाया है, यहाँ हल्दी, अदरक, धनिया, प्याज का बड़ी मात्रा में उत्पादन हो रहा है।

केला, गन्ना और कपास में भी बुरहानपुर अग्रणी है। फसलों के विविधीकरण से किसान का आर्थिक सशक्तिकरण संभव होगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की गई है। इसमें सिंचाई सुविधाओं के विस्तार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सिंचाई का रकबा बढ़ने से उत्पादन बहुत अधिक बढ़ा है। मध्यप्रदेश, गेहूँ के उत्पादन में देश में प्रथम है।

बुरहानपुर जिला नकदी फसल लेने वाला जिला माना जाता है। यहाँ फल, फूल और औषधियों की खेती को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मसालों के उत्पादन में देश का विश्व में सदियों से नाम रहा है। दुनिया के कई देश में भारत से मसाले जाते रहे हैं, इसमें दक्षिण के राज्य आगे रहे हैं।

अब जिस गति से मध्यप्रदेश में मसालों की खेती हो रही है, उससे निश्चित ही बुरहानपुर सहित प्रदेश भी मसालों के निर्यात में अपना विशेष स्थान बनाएगा।

इसके लिए उन्नत तकनीक का उपयोग कर उत्पादन के साथ पैकेजिंग, क्वालिटी कंट्रोल, ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर ध्यान देना आवश्यक है। किसानों के साथ शासकीय एजेंसी और कृषि विशेषज्ञों को परस्पर समन्वय से कार्य करना होगा।

Share This Article