MP News – 1
न डरा हूं न डरूंगा, इंदौर कोर्ट में मिली सजा के खिलाफ हाई कोर्ट में करेंगे अपील – दिग्विजय सिंह
हमारा संघर्ष चलता रहेगा
दिग्विजय सिंह ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहाकि 11 साल पुराने प्रकरण में, जिसमें उनका नाम प्राथमिकी में भी नहीं था, राजनीतिक दबाव के चलते जोड़ा गया और उन्हें सजा दी गयी। वे अहिंसावादी व्यक्ति हैं और हिंसक गतिविधियों का सदैव विरोध करते रहेंगे। सिंह ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि यह उज्जैन की घटना भी उसी दिन की है जिस दिन की घटना पर उन्हें सजा दी गई है। इस घटना को उज्जैन पुलिस ने क्यों संज्ञान में नहीं लिया। जबकि पुलिस के लोगों को चोट आई थी। दिग्विजय ने लिखा है कि खैर हम महात्मा गांधी जी के अनुयायी हैं, हमारा संघर्ष संघ और भाजपा विचारधारा से है, जो सतत चलता रहेगा।
विशेष कोर्ट ने सुनाई सजा
बता दें कि इंदौर की एक विशेष अदालत ने उज्जैन में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट से जुड़े आपराधिक प्रकरण में दिग्विजय सिंह, पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू समेत 6 आरोपियों को एक एक वर्ष की सजा और पांच पांच हजार रुपए का अर्थदंड सुनाया है। तीन आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया। अदालत ने दोषियों को उपयुक्त मुचलके के आधार पर जमानत भी दे दी है। अभियोजन के अनुसार 2011 में उज्जैन में एक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान दिग्विजय सिंह, पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू और अन्य लोगों का विवाद भाजपा कार्यकर्ताओं से हो गया था। इस मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से दिग्विजय प्रेमचंद गुड्डू समेत 9 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। जनप्रतिनिधियों से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए गठित इंदौर की विशेष अदालत ने कल इस मामले में सजा सुनायी है।
MP News – 2
देवास: जैन तीर्थ पुष्पगिरी पर होगा पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव, विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा का किया जा रहा दावा
दरअसल पुष्पगिरि जैन समाज का प्रमुख तीर्थ है। गणाचार्य पुष्पदंत सागरजी की प्रेरणा से इस तीर्थ का निर्माण हुआ। देशभर से जैन समाज के लोग यहां पहुंचते हैं। समय-समय पर धार्मिक आयोजन होते हैं। इसी क्रम में पुष्पगिरि जैन तीर्थ पर 4 से 10 अप्रैल तक पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव होने जा रहा है। जानकारी देते हुए क्रांतिवीर मुनि प्रतीकसागर महाराज ने बताया कि पुष्पगिरि तीर्थ प्रणेता गणचार्य पुष्पदंत सागर महाराज के आशीर्वाद एवं संस्कार प्रणेता मुनि सौरभ सागर महाराज की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में मात्र 22 माह में 72 फीट की वेदी पर 21 फीट के भगवान पदम प्रभु पद्मासन प्रतिमा एवं स्वर्ण वर्ण सीप के आकार का आकर्षक मंदिर बना है। इसमें 13 फीट की मनोहारी भगवान पुष्पदंत की पद्मासन प्रतिमा का निर्माण किया गया है। इसका भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव 4 से 10 अप्रैल तक पुष्पगिरि तीर्थ पर होगा । समाजजन ने बताया कि पंचकल्याणक में आचार्य प्रणाम सागर महाराज, क्रांतिवीर मुनि प्रतीक सागर महाराज, मुनि प्रगल्प सागर महाराज का सान्निध्य व मार्गदर्शन प्राप्त होगा। 4 अप्रैल को ध्वजारोहण एवं 201 सौभाग्यवती महिलाओं द्वारा मस्तक पर मंगल कलश धारण कर विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। 5 अप्रैल को गर्भ कल्याणक, 6 अप्रैल को जन्म कल्याणक एवं भव्य जन्म कल्याणक जुलूस निकलेगा। इसमें हाथी, घोड़े आकर्षक झांकियां सम्मिलित होंगी। 7 अप्रैल को दीक्षा कल्याणक, 8 अप्रैल को केवल ज्ञान कल्याणक, 9 को अप्रैल मस्तकाभिषेक, 10 अप्रैल को मोक्ष कल्याणक एवं पंचाचार्य आचार्य पदारोहण महोत्सव आदि अनेकों कार्यक्रम आयोजित होंगे। महोत्सव में प्रमुख पात्र सौधर्म इन्द्र प्रणय जैन कनिका जैन बाहुबली एनक्लेव दिल्ली, भगवान के माता पिता जागेश जैन मीना जैन लखनऊ, कुबेर इन्द्र मनोज जैन बबीता जैन पुष्पांजलि दिल्ली, यज्ञ नायक इंद्र नरेंद्र कुमार सेठी, मुन्नी जैन बाराबंकी उत्तर प्रदेश आदि प्रमुख पात्र होंगे। इस महोत्सव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी, विधायक सज्जन सिंह वर्मा, गायत्रीराजे पवार, राणा विक्रम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
MP News – 3
वीडी शर्मा ने साधा निशाना: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को बताया राजनीतिक अपराधी
वीडी शर्मा ने मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह राजनीतिक अपराधी हैं। दिग्विजय सिंह देश के बारे में, क्रांतिकारियों के बारे में, सेना के बारे में, धर्म के बारे में आज से नहीं हमेशा से आक्रमण करने वाले व्यक्ति हैं। देशद्रोही ताकतों के साथ खड़े होने वाले व्यक्ति हैं। मैंने राजनीतिक अपराधी इसलिए कहा है कि गुंडों को जो सजा मिलती है। माननीय अदालत ने उन्हें वह सजा दी है।
शर्मा ने कहा कि माननीय अदालत ने ऐसे अपराध में सजा दी है, जिसे गुंडागर्दी कहा जाता है। गुंडा शब्द कहे तो अच्छा नहीं रहेगा फिर भी उनको राजनीतिक गुंडे के तौर पर सजा दी गई है। इस देश के लिए प्रदेश की जनता के लिए संदेश है कि दिग्विजय सिंह किस तरह के राजनीतिक अपराधी हैं।