इंदौर। इंदौर से दुबई जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर नहीं है। मई और जून माह में इंदौर से दुबई जाने वाली सीधी उड़ान बंद रहेगी।
एयर इंडिया ने 2 मई से 27 जून के बीच की उड़ानों को निरस्त करते हुए इनकी बुकिंग बंद कर दी है। कंपनी अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशनल कारणों से फ्लाइट को करीब डेढ़ माह के लिए बंद किया जा रहा है।
गौरतलब है कि एयर इंडिया द्वारा इंदौर से एकमात्र अंतरराष्ट्रीय उड़ान के रूप में दुबई फ्लाइट का संचालन किया जाता है। लॉकडाउन के बाद 1 सितंबर से कंपनी ने सप्ताह में एक दिन बुधवार को इस फ्लाइट का संचालन शुरू किया था।
28 मार्च से इसके समय में बदलाव किया गया है, जिसके तहत यह फ्लाइट अब सोमवार को इंदौर से जाती है और शनिवार को वापस आती है।
इस फ्लाइट को शुरुआत से ही यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिला मगर अब कंपनी ने बिना पूर्व सूचना के इस फ्लाइट को 2 मई के बाद से बंद कर दिया है।
इसके बाद इसे 27 जून से शुरू किया जाएगा। एयर इंडिया के सिस्टम पर इस फ्लाइट की आखिरी बुकिंग 2 मई को दिखाई जा रही है। इसके बाद 27 जून से दोबारा बुकिंग नजर आ रही है।
वापसी में आखिरी फ्लाइट 7 मई को उपलब्ध है और इसके बाद 25 जून को फ्लाइट की बुकिंग नजर आ रही है। इधर फ्लाइट बंद रहने से यात्रियों को परेशानी होगी।
ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को होगी, जो पहले ही बुकिंग कर चुके हैं। गर्मी की छुट्टियों में बड़ी संख्या में पर्यटक दुबई घूमने जाते हैं। ऐसे में उन सबको परेशान होना पड़ेगा। हालांकि अभी भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फ्लाइट को बंद क्यों किया जा रहा है। ऑपरेशन कारण ही बताए जा रहे हैं।

