Indore News in Hindi – इंदौर की खास न्यूज़ हिंदी में

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
11 Min Read

Indore Top News -1

पानी के लिए परेशान रहे शहरवासी, बजरंग नगर में भी नर्मदा की पाइप लाइन फूटी
इंदौर। भीषण गर्मी में इंदौर के लोग पानी के लिए त्राहि त्राहि कर रहे है। चार पांच दिनों से टंकियां खाली है। कल भी शहर की आधा दर्जन नर्मदा के पानी की टंकियां खाली रही। लोग बर्तन लेकर भटकते फिरे। कई लोगों ने टैंकर बुलवाकर पानी की आपूर्ति की। नर्मदा प्रोजेक्ट के सुप्रिडेंटिंग इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि आज सांई कृपा कॉलोनी, रेडियो कॉलोनी, रेसीडेंसी एरिया सुविधा नगर, सर्वसुविधा नगर, राजीव आवास विहार, लोहामंडी, स्कीम 78 की टंकियां नहीं भरी जा सकी इसलिए इन टंकियों से पानी की लाइन वाले इलाकों में नल नहीं चले। इधर श्रमिक क्षेत्र में पिछले हफ्तेभर से नर्मदा की पाइप लाइन बज3रंग नगर में फूटी पड़ी है। नलों की बजाय पानी सड़कों पर बह रहा है। नर्मदा योजना के अफसरों व कर्मचारियों का कहना है कि लाइन जोड़ने के लिए प्लंबर और जरूरी सामान  नहीं है। लोग हफ्तेभर से पानी के लिए परेशान हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मंडलेश्वर में सबमर्सिबल पंप की नई पाइप लाइन को इंटेकवेल से जोड़ने बायपास पर देवगुराड़िया में प्रधानमंत्री आवास के बहुमंजिला भवनों में इंटरकनेक्शन करने, एफसीबी पर लिकेज सुधारने की वजह से भी पानी का संकट ज्यादा रहा।
Indore Top News -2

इंदौर में पुलिस टुकड़ियां सुबह से तैनात

इंदौर। खुड़ैल, खरगोन, बडवानी, सेंधवा में सांप्रदायिक उन्माद के मद्देनजर इंदौर पुलिस भी अलर्ट पर है। आज सुबह जब लोग सोकर उठे तो मल्हारगंज, बड़ा गणपति, राजवाड़ा, रीगल स्क्वेयर, छावनी, जेलरोड, चिमनबाग, एमजी रोड, रानीपुरा सहित संवेदनशील इलाकों बड़वाली चौकी, खजराना, आजाद नगर, चंदन नगर में पुलिस अलर्ट दिखाई दी। हर चौराहे पर पुलिस पिकेटस तैनात थे। पुलिस के जवान सादे कपड़ों में संवेदनशील बस्तियों में घूमते फिरते दिखाई दिए। पुलिस की विशेष खुफिया शाखा ने भी निगरानी बढ़ा दी है। कैमरों व सीसीटीवी के जरिये हरकतों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस कमिश्नर एरिया में पुलिस अफसरों को शहर में निगाह रखने के निर्देश दिए गए है।
Indore Top News -3

एमवाय में लापरवाही से महिला की मौत

इंदौर। एमवाय में लाई गई महिला की मौत हो गई। वह सीढ़ियों से गिरने से घायल हालत में एमवाय अस्पताल लाई गई थी।
शिव-पार्वती नगर पालदा की अनीता पति कमलेश सीढ़ी से गिर जाने की वजह से घायल होकर एमवाय में लाई गई थी। वहां कोई डाक्टर मौजूद नहीं था। नर्सों ने ही इलाज किया। घायल की सांसें फूलने लगी तब जाकर नर्सों ने इलाज किया तब तक उसकी मौत हो गई। महिला के परिजनों का कहना है कि डॉक्टर मौजूद होते, इलाज होता, नर्सें लापरवाही नहीं बरतती तो अनती की जान बच जाती। मरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
Indore Top News -4

17 अप्रैल तक किसान कर सकेंगे स्लॉट बुकिंग 

इन्दौर। जिला आपूर्ति नियंत्रक इन्दौर द्वारा बताया गया है कि रबी विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसानों को गेहूं विक्रय हेतु www.mpeuparjan.nic.in पर स्लॉट बुकिंग की सुविधा दी गई है। कृषक को स्लॉट बुकिंग हेतु उपार्जन केन्द्र एवं दिनांक का चयन करने की सुविधा दी गई है, साथ ही कृषक द्वारा विक्रय हेतु लाई जाने वाली गेहूं की मात्रा भी दर्ज करने की सुविधा दी गई है। शासन द्वारा स्लॉट बुकिंग की अवधि में वृद्धि करते हुए यह सुविधा 17 अप्रैल तक कर दी गई है। ऐसे कृषक जो समर्थन मूल्य पर गेहूं का विक्रय करना चाहते हैं, वे www.mpeuparjan.nic.in पर 17 अप्रैल 2022 तक स्लॉट बुकिंग कर सकेंगे। इसके उपरांत स्लॉट बुकिंग की सुविधा बंद कर दी जाएगी।
Indore Top News -5

मुख्यमंत्री चौहान का दौरा कार्यक्रम 

इन्दौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरूवार 14 अप्रैल को प्रात: 11:25 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा हेलीपेड डॉ. अम्बेडकर नगर महू पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री चौहान यहां आयोजित किये जा रहे अम्बेडकर जयंती समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री चौहान कार्यक्रम पश्चात दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा हेलीपेड डॉ. अम्बेडकर नगर महू से भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।
Indore Top News -6

रेशम कृमि पालन के लिए हितग्राहियों का पंजीयन 30 तक 

इन्दौर। रेशम संचालनालय अंतर्गत एकीकृत क्लस्टर विकास कार्यक्रम योजना में निजी विस्तार कृषकों की एक एकड़ निजी भूमि पर शहतूती पौधरोपण कर मलबरी रेशम कृमि पालन करने के लिए वर्ष 2022-23 में हितग्राहियों का ऑनलाइन पंजीयन विभागीय ई-रेशम पोर्टल http://eresham.mp.gov.in/ पर 30 अप्रैल 2022 तक किया जा रहा है। आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश रोडमैप 2023 के क्रियान्वयन हेतु प्रदेश के निजी विस्तार कृषकों की भूमि पर 1200 एकड़ में शहतूती पौधरोपण करने का लक्ष्य है।
Indore Top News -7

आयुष क्योर एप पर आयुष चिकित्सक घर बैठे देंगे सलाह

इन्दौर। आयुष विभाग द्वारा सामान्य जन को आयुष स्वास्थ्य सेवा, सहजता से घर पर ही सुलभ कराने के उद्देश्य से “वैद्य आपके द्वार” (आयुष क्योर एप) के माध्यम से घर बैठ नि:शुल्क वीडियो कॉल से आयुष की तीनों विधाओं आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी के चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा चिकित्सा परामर्श प्रदान किया जाता है। आयुष चिकित्सा विशेषज्ञों से ऑनलाइन आयुष क्योर ऐप के माध्यम से परामर्श लेने की सुविधा विकसित की गई है। एंड्राइड फोन में गूगल प्ले स्टोर से आयुष क्योर एप डाउनलोड कर अधिक से अधिक जन सामान्य इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
Indore Top News -8

मॉडल स्कूल में होगा मेरिट के आधार पर प्रवेश

इन्दौर। मॉडल स्कूलों में कक्षा 6वीं का संचालन प्रारंभ किया गया है। नवोदय विद्यालय तथा सैनिक स्कूलों की तरह कक्षा 6वीं में प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रवेश दिये जाने की व्यवस्था की गई है। मॉडल स्कूल में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिये जहां स्वीकृत सीट से अधिक आवेदन पत्र प्राप्त हुये हैं, वहां स्थानीय स्तर पर परीक्षा का आयोजन करते हुये मेरिट आधार पर प्रवेश दिया जायेगा और जहां आवेदन पत्रों की संख्या निर्धारित सीट संख्या के बराबर या कम है, वहां सीधे प्रवेश दिये जाने के निर्देश भी दिये गये हैं। इसके साथ ही मॉडल स्कूलों में छात्रावास की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण कक्षा 6वीं में स्थानीय विद्यार्थियों को ही प्रवेश दिये जाने के लिये कहा गया है, जिससे विद्यार्थियों को अधिक दूरी तक आवागमन नहीं करना पड़े।
Indore Top News -9

ए.सी.ए.बी.सी. प्रशिक्षण के लिए साक्षात्कार 18 अप्रैल को

इन्दौर। राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान मैनेज, हैदराबाद द्वारा नोडल प्रशिक्षण केन्द्र सी.जी.डी.आर.ए, उज्जैन में 45 दिवसीय निःशुल्क रहवासीय एग्री क्लीनिक एण्ड एग्रीबिजनेस सेन्टर ए.सी.ए.बी.सी. व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए 18 अप्रैल को साक्षात्कार आयोजित होगा। साक्षात्कार के इच्छुक आवेदक 16 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण में युवाओं को शासकीय दिशा-निर्देशानुसार कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र की लगभग 37 प्रकार की इकाइयों की जानकारी एवं व्यवसाय संचालन की आधारभूत जानकारी के साथ ही चयनित इकाई की विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर प्रशिक्षण अवधि के दौरान ही बैंकों को प्रेषित किया जाता है। प्रशिक्षण पश्चात खाद्य प्रसंस्करण, एग्री क्लीनिक, एग्री बिजनेस, कस्टम हायरिंग, पॉली हाउस, पशुपालन, पोल्ट्री, एग्री टूरिज्म अथवा अन्य चिन्हित कृषि गतिविधियों के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये ऋण एवं 44 प्रतिशत तक अनुदान की पात्रता रहेगी।
कृषि संकाय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ हायर सेकेण्डरी अथवा बी.एस.सी कृषि, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, रसायन विज्ञान उत्तीर्ण युवा इस प्रशिक्षण हेतु आवेदन के पात्र हैं। विस्तृत जानकारी हेतु संस्थान के मोबाईल नम्बर – 8109201387 पर अपना नाम, शिक्षा, आयु एवं ईमेल आई.डी व्हाट्सएप करने पर पात्र अभ्यर्थी को समस्त जानकारी प्रेषित की जायेगी। आवेदन की अंतिम तिथि 16 अप्रैल है। जो आवेदक पूर्व में आवेदन कर चुके हैं उन्हें पृथक से आवेदन की आवश्यकता नहीं है।
Indore Top News -10
मॉं तुझे प्रणाम योजना फिर शुरू होगी, 72 युवतियों का दल वाघा-हुसैनीवाला बॉर्डर भेजा जाएगा
इन्दौर। संचालनालय खेल और युवा कल्याण द्वारा “माँ तुझे प्रणाम“ योजना पुनः प्रारंभ की जा रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 02 से 11 मई 2022 तक लाडली लक्ष्मी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। लाड़ली लक्ष्मी योजना में पंजीकृत बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं में भ्रमण हेतु भी भेजा जाएगा। मां तुझे प्रणाम योजना के अंतर्गत 15 से 25 वर्ष तक की 72 युवतियों का एक दल भेजा जाना है। योजना अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के भ्रमण पर भेजे जाने से पूर्व ट्रैक सूट, टी शर्ट, पिट्ठू बैग, उपलब्ध कराने के साथ-साथ यात्रा सुविधा, आवास, भोजन, दैनिक भत्ता, स्थानीय यातायात, गृह निवास का किराया आदि व्यय सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। प्रथम दल 02 मई को अंतर्राष्ट्रीय सीमा वाघा-हुसैनीवाला बॉर्डर पंजाब के भ्रमण पर भेजा जाएगा। यह भ्रमण लगभग सात दिवस का रहेगा।
Indore Top News -11
पेयजल व्यवस्था हेतु महू में स्थापित हुआ कंट्रोल रूम 
इन्दौर। सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग उपखण्ड महू द्वारा बताया गया है कि ग्रीष्म काल में पेयजल व्यवस्था हेतु महू उपखण्ड में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम में प्रथम शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक श्रीनाथ यादव (91792-64922) एवं सुदर्शन सोलंकी (96856-94262) तथा द्वितीय शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक फिरोज खान (90982-12055) एवं अशोक यति (90098-07419) की ड्यूटी लगाई गई है।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।