इन्दौर (ईएमएस)। छावनी रामद्वारा के प्रमुख संत एवं शाहपुरा (राज.) स्थित रामनिवास धाम ट्रस्ट के न्यासी संत रामस्वरूप रामस्नेही का बुधवार रात भीलवाड़ा में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और भीलवाड़ा अस्पताल में उपचाररत थे। वे 74 वर्ष के थे और पिछले करीब 30 वर्षों से अखिल भारतीय गीता जयंती महोत्सव के कार्यक्रमों में गीता भवन में उत्साहपूर्वक रामस्नेही संप्रदाय के अन्य संतों के साथ शामिल होते रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के आचार्य जगद्गुरु स्वामी रामदयाल महाराज के कृपापात्र शिष्यों में से एक संत श्रीरामस्वरूप महाराज के निधन की सूचना गुरुवार इंदौर पहुंचते ही उनके स्नेहीजनों में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार रामस्नेही संप्रदाय के परंपरानुसार गुरुवार सुबह भीलवाड़ा में किया गया। गीता भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष राम ऐरन एवं मंत्री रामविलास राठी ने उक्त जानकारी देते हुए संतश्री के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। गीता भवन न्यासी मंडल की आपात बैठक आज शुक्रवार को सुबह 11 बजे होगी, जिसमें दिवंगत संतश्री के प्रति शोक प्रस्ताव पारित किया जाएगा।