MP Top Live News – मध्यप्रदेश समाचार हिंदी

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
7 Min Read

MP News in Hindi-1

प्रदेश में ओवैसी की एंट्री : खंडवा में शकीरा बिलाल, तो बुरहानपुर में रफीक अहमद ने पार्षद पद पर जीत दर्ज की

मध्य प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम ने भी खाता खोल लिया है। खंडवा और बुरहानपुर में पार्टी के पार्षद पद के दो प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। खंडवा में पार्टी की प्रत्याशी शकीरा बिलाल जीती हैं तो बुरहानपुर में रफीक अहमद ने जीत दर्ज की।

खंडवा नगर निगम चुनाव में महापौर से लेकर 11 वार्डों में एआईएमआईएम के नेता ओवैसी की पार्टी से प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे थे। शहर के वार्ड क्रमांक 14 छत्रपति शिवाजी वार्ड से एआइएमआइएम की प्रत्याशी शकीरा बिलाल करीब तीन सौ वोटों से जीत दर्ज कर भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को मात दी। इसके साथ ही खंडवा में एआइएमआइएम का खाता खुल गया है। विदित हो कि नगर निगम चुनाव के लिए प्रत्याशियों के समर्थन में एआइएमआइएम के राष्ट्रीय नेता ओवैसी के यहां आमसभा करने से राजनीतिक गणित गड़बड़ाने की चर्चा शुरू हो गई थी।

कांग्रेस के समक्ष चुनौती –

मध्य प्रदेश में ओवैसी की एंट्री को कांग्रेस के समक्ष चुनौती माना जा रहा है। अधिकांश मुस्लिम वार्डों में कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों की लीड और परिणाम एआईएमआईएम की वजह से प्रभावित हुए हैं। वहीं कांग्रेस के कई दिग्गज पार्षद प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा शहर के 50 वार्डों में से करीब 10 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बगावती और निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत हासिल की है।

बुरहानपुर में भी ओवैसी की एंट्री –

बुरहानपुर में असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम पार्टी का पहला पार्षद प्रत्याशी जीता। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 2 नेहरू नगर से पार्टी के प्रत्याशी रफीक अहमद ने 255 वोट से जीत दर्ज की है।

MP News in Hindi-2

राष्ट्रपतीय निर्वाचन, 2022: आज होगा मतदान

भोपाल। राष्ट्रपतीय निर्वाचन, अधिकारी 2022 के लिए मतदान केंद्र विधानसभा भवन स्थित समिति कक्ष क्रमांक – 2 में बनाया गया है। मतदान के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है एवं आवश्यक आनुषंगिक निर्देश जारी किए गए हैं। मतदान की प्रक्रिया प्रातः 10:00 बजे से आरंभ होगी एवं सांय 5:00 बजे संपन्न होगी।
राष्ट्रपतीय निर्वाचन के दिन विधायकों के मोबाइल फोन,पेन एवं अन्य उपकरण मतदान कक्ष में वर्जित किए गए हैं, जिन्हें सुरक्षित रखे जाने के लिए प्रथक से काउंटर बनाया गया है। मतदान दिवस को विधायकों के साथ आने वाले अन्य व्यक्तियों के प्रवेश को भी वर्जित किया गया है। इसके साथ ही मतदान के दिन मीडिया प्रतिनिधियों के लिए निर्वाचन कार्यालय के सीमित क्षेत्र तक सुविधा अनुसार सीमित संख्या में चित्र एवं वीडियोग्राफी हेतु प्रवेश सुरक्षा मापदंड के अनुसार होगा।
यदि कोई सदस्य इस अवधि में कोविड-19 से संक्रमित होता है तो सूचना प्राप्त होने पर सदस्य को कोविड-19 के निर्देशों का पालन करते हुए मतदान की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के पक्ष में मतदान केंद्र पर थर्मल स्क्रीनिंग जांच, रैपिड जांच,आर.टी.पी.सी.आर. जांच, ऑक्सीजन स्तर की जांच, मास्क, सुसज्जित एंबुलेंस, आपातकालीन उपकरण एवं सैनिटाइजेशन की व्यवस्था भी की गई है।

MP News in Hindi-3

प्रदेश में बन रहा नया सिस्टम, 10 जिलों में तेज बारिश की संभावना

मध्यप्रदेश में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को भी प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश देखने को मिली है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में 10 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है।
सोमवार से प्रदेश में एक नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है। जहां एक ओर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई तो वहीं दूसरी ओर पूर्वी जिलों में औसत से कम बरसात हुई है। आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 16 जुलाई तक पूर्वी मप्र में औसत से 5 प्रतिशत कम और पश्चिमी मप्र में औसत से 40 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। हालांकि लॉन्ग पीरियड टर्म में पूरे प्रदेश में औसत से 18 प्रतिशत ज्यादा बरसात दर्ज हुई है।
सोमवार को बन रहा नया सिस्टम जोरदार होगी बारिश
प्रदेश में वर्षा की स्थिति को लेकर मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में पिछले दिनों उड़ीसा तट पर बने सिस्टम के चलते पश्चिमी जिलों में अच्छी बारिश हुई है। लेकिन अभी बुंदेलखंड रीजन के दतिया, पन्ना, छतरपुर और पूर्वी मप्र में कुछ कम बारिश दर्ज हुई है। हालांकि 18 जुलाई के आसापास एक सिस्टम बनने जा रहा है। जिससे पूर्वी जिलों में भी अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
प्रदेश कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें शहडोल संभाग के साथ सिवनी, मंडला, बालाघाट, कटनी, सागर, दमोह, रायसेन, विदिशा, गुना, अशोकनगर में भारी बारिश की संभावना है। वहीं गरज चमक के साथ इन इलाक़ों में बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है। वहीं सागर, रीवा, शहडोल, जबलपुर संभाग में गरज चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, भोपाल, ग्वालियर- चंबल संभाग में भी मानसून मेहरबान रहेगा।

MP News in Hindi-4

 
प्रदेश की पहली जीपीएफ अदालत जबलपुर में 21 जुलाई को
जबलपुर। शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि की समस्याओं, गलत प्रविष्टि और कटौती से संबंधित शिकायतों का निराकरण करने के लिये प्रधान महालेखाकार लेखा एवं हकदारी, द्वितीय मध्यप्रदेश ग्वालियर की पहल पर प्रदेश में पहली बार जीपीएफ अदालत हो रही है। यह जीपीएफ अदालत जबलपुर में मानव भवन, स्मार्ट सिटी कार्यालय में 21 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगेगी।
जबलपुर संभाग के सरकारी अधिकारी-कर्मचारी जीपीएफ से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिये इस अदालत में अपना पक्ष रख सकेंगे। उन्हें अपनी शिकायतों से संबंधित सभी पत्राचार, सत्यापित पासबुक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज सहित उपस्थित होना होगा।
प्रधान महालेखाकार ग्वालियर ने जबलपुर के सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों से आहवान किया है कि वे जीपीएफ अदालत में उपस्थित होकर अपनी जीपीएफ संबंधी समस्याओं का निराकरण करवाये।
 
 
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।