Press "Enter" to skip to content

गुजरात में बीजेपी की रंगीन हुई शाम, पहाड़ों से कांग्रेस का सूर्योदय

गुजरात में 156 सीट जीतकर भाजपा का रिकॉर्ड, हिमाचल में कांग्रेस को बहुमत
-मैनपुरी का मुलायम को सलाम रिकॉर्ड वोटों से डिम्पल की जीत, आजम खान के गढ़ में कमल  
-हिमाचल में सीएम जयराम ठाकुर का इस्तीफा, गुजरात में 12 को शपथ लेंगे पटेल
-मोदी बोले मुझ पर भी जुल्म बढ़ने वाला है
नई दिल्ली। कल गुजरात और हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना हुई। गुजरात में जहां चमत्कार देखने को मिला वहीं हिमाचल प्रदेश में राज बदलने का रिवाज कायम रहा। गुजरात में भाजपा ने 156 सीटों के साथ जीत का नया रिकॉर्ड बना दिया है। कांग्रेस ने 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में 149 विधानसभा सीटें जीती थीं। वहीं नरेंद्र मोदी के रहते भाजपा ने 2002 के चुनाव में 127 सीटें जीती थीं। इस जीत के साथ भाजपा ने दोनों रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस ऐतिहासिक जीत के बाद 12 दिसंबर को गांधीनगर में विधानसभा के पीछे हेलीपैड मैदान में सीएम की शपथ होगी।

भाजपा 154 कांग्रेस 17 पर सिमटी
गुजरात की 182 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 156 सीटें जीती हैं। उसे 2017 के मुकाबले 58 सीटों का फायदा हुआ है। वहीं कांग्रेस को सबसे ज्यादा 60 सीटों का नुकसान हुआ है। पार्टी ने पिछली बार 77 सीटें जीती थीं। इस बार उसे 17 सीटें ही मिली हैं। आम आदमी पार्टी ने 5 तो  निर्दलीय और अन्य कैंडिडेट्स ने गुजरात में 4 सीटें जीती हैं।

गुजरात में बिना विपक्ष की सरकार

कांग्रेस मात्र 17 सीटों पर सिमट गई है। जिसके कारण गुजरात में उसे विपक्ष का दर्जा भी प्राप्त नहीं होगा। पहली बार गुजरात में विपक्ष की सरकार में कोई भूमिका नहीं होगी। बीजेपी सरकार अपनी तरह से कार्य करने के लिए पूर्ण स्वतंत्र होगी। विधानसभा में भी विपक्ष की कोई भूमिका नहीं होगी।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने विधायकों की खरीद फरोख्त से बचने के लिए पार्टी के नेताओं को एक साथ रखने के लिए वरिष्ठ नेताओं को नियुक्त किया है। पार्टी विधायकों को चंडीगढ़ के रास्ते राजस्थान स्थानांतरित करने की भी योजना बना रही है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा खुद स्थिति पर नजर रख रही हैं।
जीत-हार दोनों स्वीकार: खरगे
इन चुनावी नतीजों पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम जीत और हार दोनों स्वीकार करते हैं। जीत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पहली प्रतिक्रिया दी उन्होंने  कहा हिमाचल प्रदेश की जनता को इस निर्णायक जीत के लिए दिल से धन्यवाद। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को हार्दिक बधाई। आपका परिश्रम और समर्पण इस विजय की शुभकामनाओं का असली हकदार है।
मैनपुरी में रिकॉर्ड 2.88 लाख वोटों से जीती डिंपल
देश के 5 राज्यों की 6 विधानसभा सीटों में 2 कांग्रेस और 2 भाजपा को मिली हैं। यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट पर डिंपल यादव ने रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा के रघुराज शाक्य को 2 लाख 88 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। सबसे ज्यादा उलटफेर आजम खान का गढ़ माने जाने वाले रामपुर में हुआ है।
यहां 71 साल बाद कमल खिला है। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने आजम के करीबी आसिम रजा को 25703 वोटों से हरा दिया है। उधर खतौली विधानसभा सीट पर सपा-रालोद गठबंधन के मदन भैया की जीत हुई है।बिहार की कुढऩी विधानसभा सीट पर भी भाजपा का कब्जा रहा।
यहां भाजपा के केदार गुप्ता ने जदयू के मनोज कुशवाहा को 3632 वोटों से हराया। छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर और राजस्थान की सरदारशहर सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।

पीएम का संबोधन

पीएम नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय से जनता को सम्बोधित किया वे बोले भारतीय जनता पार्टी प्रत्यक्ष नहीं जीती, वहां भाजपा का वोट शेयर भाजपा के प्रति स्नेह का साक्षी है। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 25 साल विकास की राजनीति के लिए हैं। भले ही हम हिमाचल में अपनी सरकार नहीं बना पाएं हैं।
इसके बावजूद वहां के लिए भी हमारी जिम्मेदारी पहले जैसी ही रहेगी। गुजरात में भाजपा को मिला जनसमर्थन नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतिबिम्ब है, भारत के युवाओं की ‘युवा सोच’ का प्रकटीकरण है, गरीब, शोषित, वंचित, आदिवासियों के सशक्तिकरण के लिए मिला समर्थन है।
गुजरात की जनता ने तो रिकॉर्ड तोड़ने में भी रिकॉर्ड कर दिया। गुजरात के इतिहास का सबसे प्रचंड जनादेश भाजपा को देकर प्रदेश के लोगों ने नया इतिहास बना दिया है। जाति, वर्ग, समुदाय और हर तरह के विभाजन से ऊपर उठकर भाजपा को वोट दिया है।
उन्होंने कहा कि मानकर चलिए मुझ पर भी जुल्म बढ़ने वाला है। हमें निरंतर इन जुल्मों के बीच आगे बढ़ना है। हमें अपनी सहनशक्ति और समझशक्ति को बढ़ाना है। हमें सेवाभाव का विस्तार भी करना है और सेवाभाव से ही जीतना है।
Spread the love
More from National NewsMore posts in National News »