तिरुवनंतपुरम (केरल) के तटीय इलाकों में चल रहे अभ्यास “एक्स-ऑस्ट्राहिन्द 2026” ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा सहयोग को एक व्यावहारिक आयाम दिया है। पांचवें संस्करण के इस संयुक्त सैन्य अभ्यास में दोनों देशों की सेनाओं के लगभग 120-120 सैनिक भाग ले रहे हैं। भारतीय दल मुख्य रूप से गढ़वाल राइफल्स से है, जबकि ऑस्ट्रेलियाई दल 13 ब्रिगेड से। 19 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाले इस अभ्यास का मुख्य फोकस द्वीपीय और तटीय क्षेत्रों में संयुक्त उप-पारंपरिक अभियान तथा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) पर है।
इसी तारतम्य में भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस शारदा और सी किंग हेलीकॉप्टर की मदद से जहाज से तट तक सैनिकों की तीव्र प्रविष्टि का सफल प्रदर्शन किया गया। भारतीय सेना, नौसेना और ऑस्ट्रेलियाई सैनिकों के इस समन्वित अभियान ने थल-जल-वायु एकीकरण की क्षमता को रेखांकित किया। ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने अभ्यास स्थल का दौरा कर कहा कि ऐसे संयुक्त प्रशिक्षण आपसी विश्वास बढ़ाते हैं और रक्षा साझेदारी को गहरा करते हैं।
यह अभ्यास केवल सैन्य अभ्यास नहीं, बल्कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में साझा सुरक्षा चुनौतियों, खासकर सुनामी जैसी तटीय आपदाओं और संकट स्थितियों, के प्रति संयुक्त प्रतिक्रिया क्षमता विकसित करने का प्रयास है। दोनों सेनाएं सामरिक समझ, समन्वय और आपदा प्रबंधन में व्यावहारिक अनुभव का आदान-प्रदान कर रही हैं। न्यूजीलैंड के पर्यवेक्षक दल की पहली बार भागीदारी भी क्षेत्रीय सहयोग के विस्तार का संकेत देती है।
“एक्स-ऑस्ट्राहिन्द 2026” जैसे अभ्यास भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ और ऑस्ट्रेलिया की इंडो-पैसिफिक दृष्टि को मजबूती देते हैं। पूरे विश्व की बदलती भू- राजनितिक परिस्थितियों में भारत और ऑस्ट्रेलिया को एक दूसरे के विश्वास, सहायता, समन्वय की जरुरत काफी बढ़ गई है और ऐसा लगता है की इस तरह के अभ्यास इसी बात को ध्यान में रखकर किये जाते हैं।
तटीय क्षेत्रों में आपदा राहत की क्षमता बढ़ाना न केवल सैन्य आवश्यकता है, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता और मानवीय जिम्मेदारी का भी हिस्सा है। यह साझेदारी आगे और गहरी होती रहे, यही अपेक्षा है।


