Indore News in Hindi। नगर निगम ने हरियाली बचाने के लिए एक ट्री एम्बुलेंस वाहन तैयार किया है। किसी भी व्यक्ति के घर के पेड़, पौधें में बीमारी है तो वह निगम को सूचना दे सकता है। निगम के एम्बुलेंस विशेषज्ञ लेकर मौके पर पहुंचेंगे और पेड़-पौधेे का इलाज कर उसे स्वस्थ कर देंगे। हालांकि इस सेवा के बदले में कुछ शुल्क लेेने की तैयारी है।
बारिश के मौसम में हरियाली पर निगम का विशेष जोर रहता है। बारिश के दौरान बड़ी संख्या में नए पौधे लगाए जाते है। शहर की मुख्य सड़कों पर डिवाइडर भी ऊंचे बनाए जा रहे है ताकि वहां की हरियाली कायम रह सके। हालांंकि इस प्रयास में कई जगह पौधे नष्ट भी हो रहे है। निगम के उद्यान विभाग ने हरियाली बचाने के लिए एक नई ट्री एम्बुलेंस भी बनाई है।
इसे पेड़ों का डॉक्टर नाम दिया है। निगम इसके लिए एक गाइड लाइन तैयार कर रहा है। इसके तहत एम्बुलेंस में उद्यान से संबंधित विशेषज्ञ कर्मचारियों को खाद, दवा, कीटनाशक आदि तमाम सुविधाओं से लैस रखा जाएगा। एम्बुलेंस निगम के गार्डन के साथ ही आम लोगों के निजी गार्डन को संभालने का भी काम करेंगे।
किसी के यहां लगे बड़े पेड़, पौधों को किसी तरह की बीमारी है , कोई समस्या आ रही है तो उसके संबंध में निगम को शिकायत कर सकते है। निगम की एम्बुलेंस मौके पर पहुंचकर पेड़-पौधे का इलाज करेगी। उद्यान अधिकारी चेतन पाटिल के मुताबिक, अभी गाइड लाइन तैयार हो रही है, निगम निजी पेड़-पौधों की ठीक करने पर कुछ शुल्क वसूलेगी लेकिन अभी यह तय नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि नगर निगम बारिश में भी हजारों की संख्या में पौधे लगती है लेकिन उन्हें सहेज नहीं पाती है। निगम अपने बगीचों को संवारने के लिए भी नहीं प्लानिंग कर रहा है।