Press "Enter" to skip to content

एमपी विधानसभा बजट सत्र: सीएम बोले हम जनता के समर्थन से वापस आए, बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर हंगामा कांग्रेस का वॉकआउट

MP News in Hindi. मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, हम जनता के समर्थन से वापस आए। उधर बैठे विधायक परेशान होकर इधर आए और हजारों वोट से जीते। इस बात पर कांग्रेस विधायकों ने हंगामा कर दिया। मुख्यमंत्री जब स्पीच दे रहे थे, तभी चांचौड़ा से कांग्रेस विधायक और दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह उठे। बोले- मैं भी कुछ कहना चाहता हूं। सीएम का भाषण जारी था। इस पर लक्ष्मण सिंह उनसे बोले- शताब्दी एक्सप्रेस 1 मिनट की अनुमति दे दीजिए। सदन में इस बात पर सभी हंस दिए।

लक्ष्मण सिंह ने आगे कहा, अमृत काल की बार-बार बात की जा रही है। मुख्यमंत्री जी, मैं आपको बताना चाहूंगा… इंदौर शहर को ही ले लें। सैकड़ों-करोड़ बैंकों का खा-खाकर बैठै हैं, लौटा नहीं रहे। इंदौर में एक क्लब बना है- हंड्रेड क्लब। इस क्लब के सदस्य वो हैं, जिनके पास 2 करोड़ की गाड़ी है। मैं आपको सूची दूंगा, क्या आप कार्रवाई करोगे? लक्ष्मण सिंह के सवाल पर सीएम ने कोई जवाब नहीं दिया।

प्रश्नकाल के दौरान सिरोंज से बीजेपी विधायक उमाकांत शर्मा नाराज दिखे। उन्होंने कहा- मेरी उपेक्षा हो रही है। मैं हाथ जोड़कर, गिड़गिड़ाकर अनुरोध कर रहा हूं, अधिकारियों की तानाशाही मत चलने दीजिए। शर्मा ने सिरोंज में सीएम राइज स्कूल के लिए तय की गई जमीन का मामला उठाया था। उन्होंने कहा जिस जगह की डीपीआर बनी है, वहां बारिश में कमर तक पानी भर जाता है। उन्होंने अपने क्षेत्र में संस्कृत विद्यालय का भवन बनाने को लेकर भी सवाल पूछा।

बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर हंगामा, कांग्रेस का वॉकआउट

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट कर दिया। कांग्रेस का कहना है, बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री के खिलाफ सदन में नियम विरुद्ध तरीके से निंदा प्रस्ताव लाया गया है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा, शून्यकाल में कभी भी कोई संकल्प नहीं लाया जा सकता।

कार्य मंत्रणा समिति में भी इसकी कोई चर्चा नहीं हुई थी। बुरहानपुर से निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने शून्यकाल में बुरहानपुर में तेजी से जंगल कटने का मामला उठाया। बता दें, सोमवार को सदन में शून्यकाल के दौरान बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ के खिलाफ अशासकीय संकल्प (निंदा) प्रस्ताव पास हुआ था।

Spread the love
More from Madhya Pradesh NewsMore posts in Madhya Pradesh News »