15 लाख रू. कीमत का 2 बीएचके फ्लैट इन्हें 7 लाख रुपये में दिया जायेगा
इन्दौर। लक्ष्मीबाई नगर मंडी परिसर में बनी अवैध झुग्गी बस्ती को हटाया जायेगा। झुग्गी बस्ती के रहवासियों को व्यवस्थित रूप से अन्यत्र शिफ्ट किया जायेगा।
यह जानकारी आज यहां सम्पन्न हुई बैठक में दी गई। बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह को इन्दौर कृषि उपज व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने लक्ष्मीबाई नगर मंडी की समस्याओं से अवगत कराया।
बैठक में प्रतिनिधियों ने बताया कि लक्ष्मीबाई नगर मुख्य मंडी प्रांगण में अवैध झुग्गी बस्ती बनी हुई है। झुग्गी बस्ती के लोग अव्यवस्थित रूप से रह रहे है। वहां सुविधाओं का अभाव भी है।
मंडी प्रांगण में बस्ती होने से व्यापारियों को भी परेशानी होती है। मंडी की सुरक्षा पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। शांति भी भंग होती है।
कलेक्टर मनीष सिंह ने व्यापरियों की मांग पर कहा कि यहाँ की झुग्गी बस्तियों के रहवासियों को बड़ा बांगड़दा में नगर निगम द्वारा बनाये जा रहे आवासीय संकुल में व्यवस्थित रूप से शिफ्ट किया जा सकता है।
इससे झुग्गी बस्तियों के रहवासियों को मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। पक्का आवास मिलेगा। जीवन स्तर में भी सुधार होगा। इस अवसर पर बताया गया कि नगर निगम द्वारा 15 लाख रूपये कीमत का 2 बीएचके फ्लेट इन्हें 7 लाख रूपये में दिया जायेगा।
जरूरत पड़ने पर रहवासियों को लोन उपलब्ध कराने की कार्रवाई भी की जायेगी। इस अवसर पर सचिव कृषि उपज मण्डी नरेश परमार सहित कृषि उपज व्यापारी संघ के प्रतिनिधि मौजूद थे।