राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तीन दिवसीय चरण का शुभारंभ, प्रदेश के एक करोड़ 11 लाख बच्चों को दी जाएगी खुराक
मप्र। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में “पोलियो रविवार” को, 27, 28 फरवरी और 2 मार्च को प्रदेश के सभी जिलों के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किए जा रहे टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री निवास में बच्चों को दवा की खुराक पिलाकर किया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अखिल, संजू, दिशा, आराध्य द्विवेदी और सानवी मालवीय सहित 11 बच्चों को दवा पिलाई। मुख्यमंत्री श्री चौहान को नौ वर्षीय बालिका सुश्री प्रियांशी शुक्ला ने धन्यवाद देते हुए एक चित्र पर ऑटोग्राफ देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पांच वर्ष पहले इस बालिका को दवा पिलाई थी।
कोई बच्चा दवा से वंचित न रहे
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार ने अनेक वर्ष निरंतर यह अभियान चलाया है। प्रदेश और देश को पोलियो मुक्त बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह अभियान लगातार चल रहा है। मध्यप्रदेश में गत 15 वर्ष से अभियान सुचारू रूप से संचालित हुआ है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग बधाई का पात्र है। मैं स्वयं इन अभियानों से जुड़ा रहा हूँ। हमारा संकल्प है मध्यप्रदेश भी पोलियो से मुक्त रहेगा, हमारा देश भी रहेगा। इसके लिए अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। मैं सभी नागरिक भाई-बहनों को निवेदन करना चाहता हूँ कि कोई बच्चा पोलियो डोज से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम हर केन्द्र पर पहुँच रही है। कोई बच्चा पल्स पोलियो की दवा से वंचित न रहे, हर बच्चे को दो बूँद दवा मिल जाए। उसकी जिंदगी सुखी रहेगी। वह रोगों से बचा रहेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी के अलावा अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मोहम्मद सुलेमान, प्रमुख सचिव जनसंपर्क राघवेन्द्र कुमार सिंह, स्वास्थ आयुक्त डॉ. सुदाम खाडे़ और एनएचएम की मिशन संचालक श्रीमती प्रियंका दास भी उपस्थित थीं।


