प्रदेश में 26 जनवरी से शुरू होगा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
भोपाल। मप्र में कांग्रेस अब मिशन मोड़ में आ गई है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में ये पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को विस्तार देते हुए अब कांग्रेस देशभर में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाएगी।
ये अभियान 26 जनवरी के बाद तीन महीने तक चलाया जाएगा। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने भी इसे लेकर तैयारियां शुरु कर दी है। उन्होने कहा कि इसके अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक के हर गांव में कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे और जनता से सीधा संवाद होगा।
मध्यप्रदेश में मिशन 2023 को लेकर कांग्रेस भी तैयार है। प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के 13 दिन में पार्टी ने जनता के वन टू वन संवाद करने की कोशिश की और अब इसी कोशिश को आगे बढ़ाने के लिए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इसमें युवाओं और महिलाओं के बीच विशेष रूप से पैठ बनाने की कोशिश होगी। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की असफलता व वादा खिलाफी को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी।
यह अभियान चलाया जाएगा तीन चरणों में
यह अभियान तीन चरण में चलाया जायेगा। पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा की सफलता और वीडियो लोगों से साझा किए जाएंगे। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च और महिला घोषणा पत्र का विमोचन होगा।