- ग्रहों का विशेष एक्सचेंज योग और उसका प्रभाव
- स्वास्थ्य और मानसिक दबाव की आशंका
- 5 अगस्त के बाद राजनीतिक हलचल के संकेत
- नेतृत्व के लिए अहंकार नहीं, सामूहिक निर्णय का समय
- राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रधानमंत्री की सुरक्षा पर विशेष नजर
- विदेशी दबाव और भू-राजनीतिक चुनौतियां
- डिजिटल और तकनीकी दुनिया पर खतरे के संकेत
- क्या लॉकडाउन जैसे हालात बन सकते हैं?
- आर्थिक मोर्चे पर बढ़ सकता है संघर्ष
- यह प्रधानमंत्री की अग्नि परीक्षा का समय
ज्योतिषाचार्य श्री विनोद जैन (प्रभु), इंदौर
दैनिक सदभावना पाती । ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार 26 मई 2026 से 26 अक्टूबर 2026 तक का समय भारत देश और देश के प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी के लिए अत्यंत संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। इस अवधि में भारत की कुंडली में मंगल महादशा में राहु का अंतर और केतु का प्रत्यंतर प्रभावी रहेगा, जबकि प्रधानमंत्री की व्यक्तिगत ग्रह दशा में मंगल महादशा के भीतर केतु ग्रह का अंतर 26 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगा। ज्योतिषीय दृष्टिकोण से यह समय संघर्ष, दबाव, अप्रत्याशित परिस्थितियों और महत्वपूर्ण निर्णयों की कठिन परीक्षा का संकेत देता है।
प्रमुख ग्रहों का गोचर और स्थिति : उपरोक्त अवधि में प्रमुख ग्रहों की चाल और स्थिति इस प्रकार रहेगी—
- सूर्य ग्रह: 20 जुलाई 2026 को कर्क राशि, पुष्य नक्षत्र में प्रवेश ।
- मंगल ग्रह: 24 जुलाई 2026 को मिथुन राशि, मृगशिरा नक्षत्र में प्रवेश ।
- बुध ग्रह: 8 जुलाई 2026 को सुबह 7:17 बजे कर्क राशि, पुष्य नक्षत्र में प्रवेश करेंगे ।
- गुरु ग्रह: 17/जून /2026 को कर्क राशि, पुष्य नक्षत्र में रात्रि 9:01 बजे प्रवेश करेंगे ।
- शनि ग्रह: 17 मई 2026 से मीन राशि, रेवती नक्षत्र में प्रवेश कर चुके हैं ।
- राहु ग्रह: 07/अगस्त /2026 की सुबह 00:50AM पर कुम्भ राशि, धनिष्ठा नक्षत्र के चौथे चरण में प्रभावी ।
- केतु ग्रह: 1 अप्रैल 2026 से सिंह राशि, मघा नक्षत्र में प्रवेश कर चुके हैं ।
ग्रहों का विशेष एक्सचेंज योग और उसका प्रभाव
ज्योतिषीय विश्लेषण के अनुसार प्रधानमंत्री की जन्म कुंडली में मंगल ग्रह वृश्चिक राशि के विशाखा नक्षत्र में विराजमान हैं। विशाखा नक्षत्र के स्वामी गुरु ग्रह धनिष्ठा नक्षत्र में स्थित हैं। इस प्रकार मंगल ने गुरु का घर और गुरु ने मंगल के नक्षत्र का प्रभाव ग्रहण कर विशेष एक्सचेंज योग का निर्माण किया है। इस योग को वर्तमान ग्रहों की चाल के साथ जोड़कर देखा जाए तो यह नेतृत्व पर असाधारण दबाव, निर्णयों की जटिलता और परिस्थितियों के अचानक बदलने के संकेत देता है।
स्वास्थ्य और मानसिक दबाव की आशंका
ज्योतिषीय संकेतों के अनुसार यह समय प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य के लिए भी संवेदनशील माना जा रहा है। अत्यधिक कार्यभार, मानसिक तनाव, शारीरिक थकान या स्वास्थ्य संबंधी अप्रत्याशित चुनौतियों की आशंका व्यक्त की गई है। इसलिए इस अवधि में स्वास्थ्य सुरक्षा, दिनचर्या और सावधानी को विशेष महत्व देने की आवश्यकता बताई गई है।
5 अगस्त के बाद राजनीतिक हलचल के संकेत
विश्लेषण के अनुसार 5 अगस्त 2026 के बाद स्थिति और अधिक संवेदनशील हो सकती है। राहु ग्रह के धनिष्ठा नक्षत्र में मंगल प्रभाव सक्रिय होने से गुरु-राहु के नकारात्मक विस्फोट जैसे योग बन सकते हैं। इसके परिणामस्वरूप निर्णयों में भ्रम, रणनीतिक चूक, संगठन के भीतर असहमति, सहयोगियों के विरोध या पार्टी के अंदर मतभेद उभरने की संभावना व्यक्त की गई है।
नेतृत्व के लिए अहंकार नहीं, सामूहिक निर्णय का समय
इस अवधि में व्यक्तिगत निर्णयों के बजाय कोर कमेटी, वरिष्ठ सहयोगियों और सभी पक्षों के साथ संवाद व सामूहिक निर्णय लेने की आवश्यकता पर बल दिया गया है। ज्योतिषीय दृष्टि से यह समय संयम, धैर्य और सामूहिक नेतृत्व को प्राथमिकता देने का संदेश देता है।
राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रधानमंत्री की सुरक्षा पर विशेष नजर
ज्योतिषीय संकेतों के अनुसार इस अवधि में प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक हो सकती है। सुरक्षा में सेंध लगाने के प्रयास, गलत सूचनाएं, अफवाहों के माध्यम से जनता को भ्रमित करने या अस्थिरता का वातावरण बनाने की कोशिशों की आशंका व्यक्त की गई है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों और सूचना तंत्र को विशेष रूप से सक्रिय रहने की आवश्यकता होगी।
विदेशी दबाव और भू-राजनीतिक चुनौतियां
विश्लेषण के अनुसार पड़ोसी देशों या विदेशी शक्तियों की ओर से भारत पर अप्रत्यक्ष दबाव बनाने के प्रयास हो सकते हैं। सीमाई तनाव, कूटनीतिक दबाव या रणनीतिक व्यवधान जैसी परिस्थितियां उभर सकती हैं, जिनका असर भारत के निर्णयों और विकास की गति पर पड़ सकता है।
डिजिटल और तकनीकी दुनिया पर खतरे के संकेत
गुरु और बुध ग्रह के प्रभाव को देखते हुए डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सिस्टम, हाई-टेक टेक्नोलॉजी, इंटरनेट, बैंकिंग नेटवर्क, डिजिटल भुगतान प्रणाली, शेयर बाजार के ऑनलाइन सिस्टम और अंतरराष्ट्रीय डेटा ट्रांसमिशन नेटवर्क पर बाधाओं की आशंका जताई गई है। सबमरीन केबल नेटवर्क, अंतरराष्ट्रीय डिजिटल चोक पॉइंट्स और तकनीकी अवरोध वैश्विक स्तर पर अस्थिरता पैदा कर सकते हैं।
क्या लॉकडाउन जैसे हालात बन सकते हैं?
ज्योतिषीय संकेतों के अनुसार यदि वैश्विक डिजिटल या सप्लाई सिस्टम में बड़ा व्यवधान उत्पन्न होता है तो कुछ क्षेत्रों में लॉकडाउन जैसे हालात या अस्थायी ठहराव की स्थिति बन सकती है। हालांकि भारत में इसकी संभावना अपेक्षाकृत कम बताई गई है, लेकिन वैश्विक प्रभाव भारत तक अवश्य पहुंच सकता है।
आर्थिक मोर्चे पर बढ़ सकता है संघर्ष
विश्लेषण के अनुसार जुलाई के अंत और अगस्त के बाद वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बढ़ सकती है। शेयर बाजारों में दबाव, बुलियन बाजार में तेजी, तेल, पेट्रोल, डीजल, बिजली और ऊर्जा क्षेत्र में संघर्ष जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। आर्थिक तंगी, नकदी संकट और विकास की गति में रुकावट जैसी चुनौतियां भी सामने आ सकती हैं।
यह प्रधानमंत्री की अग्नि परीक्षा का समय
ज्योतिषीय दृष्टिकोण से यह समय प्रधानमंत्री के लिए बहुआयामी परीक्षा का समय माना गया है— घर के स्तर पर, देश के भीतर, पार्टी के भीतर और स्वास्थ्य के स्तर पर।
ऐसे समय में नेतृत्व की परिपक्वता, धैर्य, रणनीति और राष्ट्रीय एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत साबित हो सकती है।
भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, निर्णायक नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शी सोच के लिए विश्व स्तर पर पहचाने जाते हैं। यदि यह चुनौतीपूर्ण समय आता भी है, तो अपनी बुद्धिमत्ता, अनुभव और परिस्थितियों को भांपने की क्षमता के साथ वे देशहित में आवश्यक कठोर लेकिन दूरगामी निर्णय लेते हुए भारत की सुरक्षा और स्थिरता को मजबूत बनाए रखेंगे। उनके नेतृत्व में भारत न केवल इस कठिन दौर से मजबूती से उभरेगा, बल्कि विकास, वैश्विक प्रतिष्ठा और आर्थिक प्रगति के नए आयाम भी स्थापित करेगा।


