देवी अहिल्या की पुण्यतिथि पर आज गांधी हाल से राजवाड़ा तक निकलेगी पालकी

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
3 Min Read

 

देवी अहिल्या द्वारा राम मंदिर सहित देशभर में 30 से ज्यादा मंदिरों के कराए गए जीर्णोद्धार, मणिकर्णिका घाट सहित कई अन्य नदियों पर कराये घाटों के निर्माण
Indore News in Hindi। आज शहर में देवी अहिल्या की पुण्यतिथि मनाई जा रही है। अहिल्या बाई होलकर ने मालवा पर राज सन 1767 से 1795 तक किया। भले ही वे एक छोटे से स्टेट की महारानी थी, लेकिन उन्होंने देशभर में सांस्कृतिक विकास कर अपनी अलग पहचान बनाई। देवी अहिल्या ने देशभर में स्थित 30 से ज्यादा मंदिरों का जीर्णोद्धार करवाया और दस बड़ी नदियों पर घाटों का निर्माण कराया, इनके कार्यकाल में बनाए गए कई घाट आज भी नदियों पर बरकरार है। लोक कल्याण और परोपकारी कामों ने उनकी देश में एक अलग पहचान बनी। महाराष्ट्र के चौड़़ी गांव में जन्मी देवी अहिल्या न्यायप्रिय थी और अपनी सत्ता को शिव की सत्ता मानती थी। वे हमेशा अपने साथ शिवपिंड रखती थी।
देवी अहिल्या ने अयोध्या स्थित राम मंदिर का भी जीर्णोद्धार कराया। 22 जनवरी को जब राम मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई तब भी अहिल्या का जिक्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। उज्जैन में उन्होंने चिंतामण गणेश मंदिर का निर्माण कराया। इसके अलावा महाकाल मंदिर का जीर्णोद्धार किया।  ओंकारेश्वर, नासिक, संगमनेर, पंढरपुर,चौड़ी, चित्रकूट, पुष्कर,ऋषिकेश, भुसावल, प्रयाग, जेजुरी, मिरी और मथुरा में उन्होंने नए मंदिरों का निर्माण व पुराने मंदिरों का जीर्णोद्धार किया। देवी अहिल्या भक्तों का भी ख्याल रखती थी। उनकी सुविधा के लिए बद्रीनाथ, मथुरा, हरिद्वार, केदारनाथ,रामेश्वर, अमरकंटक, सप्तश्रृंगी माता, भरतपुर, नासिक, अयोध्या में धर्मशालाएं बनवाई।

मणिकर्णिका घाट देवी अहिल्या ने बनवाया था

देवी अहिल्या ने देश की बड़ी नदियों पर भक्तों के स्नान की सुविधा के लिए घाट भी बनवाए। देश में वाराणसी का मशहूर मणिकर्णिका घाट भी उन्होंने बनवाया था। इसके अलावा हरिद्वार में एक घाट बनाया गया। जिस पर हुए कब्जे का केस कोर्ट में प्रशासन ने लगाया है। अयोध्या का सरयू घाट भी उन्होंने बनवाया। इसके अलावा मथुरा का कालिया देह घाट, नासिक का रामघाट, प्रयाग का घाट, मंडलेश्वर और महेश्वर व ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर उनके शासनकाल में घाट बने। देवी अहिल्या ने गया से रामेश्वर तक सड़क भी बनवाई थी, जो अब ट्रंक रोड के नाम से जानी जाती हैै।

शहर में आज निकलेगी पालकी

शहर में देवी अहिल्या की पुण्यतिथि पर आज दोपहर साढ़े तीन बजे पालकी निकलेगी। गांधी हाल से राजवाड़ा तक जाने वाली पालकी में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल होंगे। इससे पहले गांधी हाल में एक समारोह आयोजित होगा। जिसमें गुणीजन सम्मान होगा। समारोह के अतिथि शिवगंगा अभियान के महेश शर्मा होंगे, जबकि अध्यक्षता पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन करेंगी।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।