अन्नपूर्णा आश्रम पर शनिवार 5 मार्च को होगा भूमिपूजन
इन्दौर। लगभग दस वर्षों के अंतराल के बाद एक बार फिर राष्ट्र संत साध्वी ऋतम्भरा के श्रीमुख से सात दिवसीय श्रीराम कथा का दिव्य महोत्सव अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट एवं वात्सल्य सेवा समिति के तत्वावधान में आगामी 26 मार्च से 1 अप्रैल तक होगा। अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट के मंदिर परिसर स्थित मैदान पर यह आयोजन होगा।
आयोजन समिति के विनोद अग्रवाल एवं प्रेमचंद गोयल ने बताया कि आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि महाराज के सानिध्य में आयोजन की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। कथा स्थल का भूमि पूजन शनिवार 5 मार्च को सुबह 11.30 बजे अभिजीत मुहूर्त में अन्नपूर्णा आश्रम पर होगा। महोत्सव की दिव्यता को देखते हुए संचालन समिति का गठन किया गया है, जिसमें समाजसेवी दिनेश मित्तल, विमल तोदी, रूपकुमार माहेश्वरी, कवि मुकेश मोलवा, संजय बांकड़ा, किशोर गोयल, श्याम सिंघल एवं सुशील बेरीवाल मनोनीत किए गए हैं। महोत्सव के लिए भूमिपूजन के तुरंत बाद कथा स्थल की तैयारियां प्रारंभ कर दी जाएंगी।

