मध्य प्रदेश में मौसम आग उगल रहा है। पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के कारण पारा लगातार चढ़ रहा है। दिन का तापमान 46 तो रात का तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया है। यानी न दिन में चैन है न रात में। धार, शाजापुर, राजगढ़, खरगोन, खंडवा, रतलाम जिलों में लू का प्रभाव रहा। अगले 24 घंटों के लिए 14 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की मानें तो चक्रवात के और कमजोर होकर अवदाब में बदलने का अनुमान है, जिसके कारण पूर्वी हवाएं और नमी दोनों आना कम होगी और मौसम शुष्क होने के साथ तापमान बढ़ेगा। पिछले 24 घंटों में हवाओं की दिशा बार-बार बदली, लेकिन रात से सुबह तक असानी के असर से पूर्वी हवाएं नमी के साथ आती रहीं। बादल और नमी के चलते रात में गर्माहट के साथ उमस परेशान करती रही। अनुमान है कि शुक्रवार को असानी के कमजोर होने के साथ नमी आनी कम होगी। वहीं बादल छटेंगे, जिससे वातावरण शुष्क होगा और तापमान बढ़ेगा। अगले एक से दो दिनों में पूर्वी प्रदेश भी तपेगा। शुक्रवार से पूर्वी प्रदेश में भी लू चलने के आसार हैं, ऐसे में इस दिन से पूरे प्रदेश में लू की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के आंकड़ों की ओर रुख करें तो प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी 46 डिग्री राजगढ़ में दर्ज की गई। मौसम केंद्र की रिपोर्ट कहती है कि पिछले 24 घंटे का मौसम शुष्क रहा। धार, शाजापुर, राजगढ़, खरगोन, खंडवा, रतलाम जिलों में लू का प्रभाव रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि दतिया, गुना, ग्वालियर, विदिशा, अशोकनगर, रतलाम, राजगढ़, खंडवा, खरगोन, नीमच, मंदसौर, श्योपुरकलां, मुरैना, भिंड जिलों में लू चलने की संभावना है।