Indore News in Hindi- इंदौर top समाचार

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
7 Min Read

Indore News in Hindi-1

हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आए मजदूर की मौत पर ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

इंदौर। विगत 13 दिसंबर को मित्रबंधु नगर में ठेकेदार मनोतोष दास उर्फ डाकू निवासी पश्चिम बंगाल हाल मुकाम कोहिनूर कॉलोनी के साथ मकान निर्माण का कार्य कर रहे साहिल पिता अशरफ शेख निवासी पश्चिम बंगाल हाल मुकाम कोहिनूर कॉलोनी को हाईटेंशन लाइन से करंट का जोरदार झटका लगा। इससे वह बेसुध होकर वहीं गिर पड़ा था। साहिल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया था। कनाड़िया पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह छत फिनिशिंग के दौरान करंट की चपेट में आए मजदूर की मौत का मामला था इस  मामले में जांच के बाद पुलिस ने अब ठेकेदार पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने जांच के बाद मजदूरों की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम न करने वाले ठेकेदार मनोतोष गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

Indore News in Hindi-2

बहू से मारपीट के आरोप में जेल जा चुके ससुर ने छूटने के बाद फिर बहू से की मारपीट

इंदौर। अपनी बहू से मारपीट करने के आरोप में जेल गये और फिर जेल से छूटकर आए एक आरोपी ससुर के खिलाफ बहू ने फिर से मारपीट और जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट लिखवाई है।
लसूड़िया पुलिस को निरंजनपुर नई बस्ती में रहने वाली राधा वर्मा ने बताया कि घर के पास रहने वाले उसके ससुर बाबूराम कल उसके घर पहुंचे और यह कहते हुए गालियां देने लगे कि तूने मेरी शिकायत पुलिस को की थी , जिसके कारण मुझे जेल जाना पड़ा था । विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता को जमकर पीटते हुए जान से मारने की भी  धमकी दी । बहू की शिकायत पर जेल से छूटकर आए ससुर पर फिलहाल पुलिस ने एक और प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Indore News in Hindi-3

परिजन से बिछड़ घबरा कर भटक रहे बालक को पुलिस ने घर पहुंचाया

इंदौर। पलासिया पुलिस ने देशभक्ति जनसेवा के पुलिस मोटो को एक बार फिर चरितार्थ करते रास्ता भटक कर घबराये एक बालक को आत्मविश्वास दे उससे उसके घर का पता पूछ कर सकुशल उसे उसके माता पिता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। पलासिया थाना प्रभारी संजय सिंह बैस के मुताबिक गीता भवन रसगुल्ला हाउस के पास एक 10 साल का बालक घूमते हुए ड्यूटी कर रहे आरक्षक को मिला चूंकि बालक आपने परिजन बे बिछड़ कर रास्ता भटक गया था इसलिए बहुत घबराया हुआ था जिस कारण जवान भागचंद धनगर और कन्हैयालाल द्वारा पूछताछ करने पर वह अपना नाम भी नहीं बता पा रहा था तब दोनों जवान उसे पलासिया थाने लेकर पहुंचे । टीआई संजय सिंह बैस ने बालक को पहले नाश्ता कराया और फिर उससे बात की तो उसने अपना नाम कुणाल पिता सतीश साहू उम्र दस साल निवासी कसरावद खुर्द बताया । पुलिस ने तेजाजी नगर और कंट्रोल रूम पर वायरलेस से प्रसारण करवा बालक के माता-पिता को तलब कर बालक को उनके सुपुर्द किया।

Indore News in Hindi-4

दहेज प्रताड़ना-मुम्बई ब्याही युवती की ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट

इंदौर। महिला थाना पुलिस  टीआई ज्योति शर्मा के मुताबिक नेहरू नगर निवासी एक युवती की शादी मुंबई के कार्तिक सोसायटी खेड़ा रोड मुंबई निवासी भूपेंद्र पावस्कर के साथ फरवरी में हुई थी । शादी के बाद से पति उसे प्रताड़ित करता रहा । पहले पांच लाख रुपए और पांच तोला सोना मांगा तो जैसे – तैसे युवती के मायके वालों ने उसे वह राशि दे दी । बाद में फिर दस लाख के लिए युवती को प्रताड़ित किया जाने लगा तो युवती ने इंदौर आकर सास इल्फा , ननद मेघना , ननदोई निखिल और पति भूपेंद्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया । युवती का कहना है कि पति किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज भी चल रहा है ।
फिलहाल मुंबई में ब्याही नेहरू नगर की युवती को दस लाख के लिए प्रताड़ित करने वाले पति और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है ।युवती का यह भी आरोप है कि पति किसी गंभीर बीमारी के कारण शादीशुदा जिंदगी का फर्ज भी ठीक से नहीं निभा पा रहा था।

Indore News in Hindi-5

इंदौर-देपालपुर मार्ग पर टोल टेक्स

इंदौर। इंदौर-देपालपुर मार्ग पर यूजर फी योजनांतर्गत टोल प्रारंभ किया जा रहा है। एमपी रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड के संभागीय प्रबंधक श्री राकेश जैन बताया कि टोल संचालन का कार्य मेसर्स माँ शारदा क्रशर माइन्स को प्रदान किया गया है। इनके द्वारा ग्राम बुढानिया में माल वाहन के लिये टोल टेक्स लगाया जायेगा। इस टोल टेक्स पर लाइट कमर्शियल व्हिकल के 45 रूपये, ट्रक के 105 रूपये तथा मल्टी एक्सल ट्रक के 210 रूपये प्रति वाहन लिये जायेंगे।

Indore News in Hindi-6

पंचकुइयां राम मंदिर पर निर्मित टावर पर दीप स्तम्भ का सुझाव 

इन्दौर। पंचकुइया राम मंदिर परिसर में बन रहे टॉवर का उपयोग विभिन्न त्योहारों पर दीप स्तम्भ की तरह भी हो सकेगा। मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी लक्ष्मणानंद महाराज ने बताया कि पर्यावरण की दृष्टि से इस स्थान पर पक्षी घर के टॉवर के कारण विभिन्न स्त्रोतों से प्रदूषण एवं कचरे आदि की समस्या हो सकती है, लिहाजा 52 फीट ऊंचे इस टॉवर के निर्माण को देखकर पश्चिमी क्षेत्र के अनेक भक्तों ने सुझाव दिया है कि हिन्दू संस्कृति से जुड़े तीज-त्योहारों पर इस टॉवर का उपयोग दीप स्तम्भ की तरह भी किया जाए, ताकि श्रद्धालु यहां आकर दीपदान का पुण्य लाभ भी उठा सकें। फिलहाल यह एक ही टॉवर यहां बनाया गया है और किसी अन्य स्थान पर ऐसे टॉवर बनाने की कोई योजना नहीं हैं।
Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।