MP News – भोपाल क्लोरीन गैस रिसाव : 70 से ज्यादा परिवारों को किया शिफ्ट, टीआई समेत 10 बीमार

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
3 Min Read

कमलनाथ बोले- मामले की जांच हो

भोपाल। भोपाल में बुधवार रात मदर इंडिया कॉलोनी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अचानक नगर निगम के वाटर फिल्टर प्लांट से क्लोरीन गैस का रिसाव होने लगा। गैस के प्रभाव से लोगों की सांसें फूलने लगीं और आंखों में जलन महसूस होने लगी। दहशत में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर बाद निगम अमले ने सिलेंडर को पानी के टैंक में फेंक कर गैस रिसाव को बाहर फैलने से रोक लिया।

आनन फानन में नाले के किनारे रहने वाले 70 से ज्यादा परिवारों को शिफ्ट किया गया। खाली घरों में चोरी न हो जाए, इसलिए बुधवार को रातभर पुलिस तैनात रही। गुरुवार सुबह पूरी तरह से स्थिति नियंत्रित हो गई है। अब गैस का असर नहीं है। घटना बुधवार रात 11.30 बजे की है। पानी में क्लोरीन अधिक मिलने की वजह से इसे बहाया गया, इसलिए सुबह ईदगाह हिल्स, मॉडल ग्राउंड, शाहजहांनाबाद, कोहेफिजा और लालघाटी समेत आसपास की 50 से अधिक कालोनियों में जलापूर्ति नहीं हो पाई।

इस गैस की चपेट में शाहजहांनाबाद टीआई सौरभ पांडे भी आ गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इधर, आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ होने पर 10 से ज्यादा लोगों को हमीदिया में भर्ती कराया गया है। क्लोरीन गैस सिलेंडर से लीक हुई। पहले इसके टैंक से रिसने की बात सामने आई थी। घटना के बाद अब एहतियातन प्रभावित इलाके में गुरुवार 27 अक्टूबर को पानी की सप्लाई नहीं की जाएगी।

सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, महापौर मालती राय, कलेक्टर अविनाश लवानिया, निगम कमिश्नर केवीएस चौधरी कोलसानी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर गैस राहत मंत्री विश्वास सारंग और भोपाल की मेयर मालती राय हमीदिया अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल चाल जाना। सिलेंडर का वजन करीब 900 किलो था, जिसे तुरंत नगर निगम की टीम ने पानी में डालकर गैस को हवा में मिलने से रोका गया। इसके बाद 5 किलो कास्टिक सोडा डालकर गैस लीकेज को बंद किया गया।

कमलनाथ ने किया ट्वीट
इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, भोपाल की मदर इंडिया कॉलोनी में क्लोरीन गैस टैंक के लीकेज होने से लोगों को आंखों में जलन एवं सांस लेने में तकलीफ़ व कुछ लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आयी है। इस मामले में सभी पीड़ित लोगों के इलाज की पूर्ण व्यवस्था हो. इस पूरे मामले की जांच हो. सुरक्षा के सभी आवश्यक कदम उठाये जाये।

Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।