MP News in Hindi. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राज्य कार्यकारिणी का गठन कर दिया है। चुनावी साल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की टीम में 50 उपाध्यक्ष और 105 प्रदेश महासचिव बनाए गए हैं। इसके अलावा सभी जिला अध्यक्षों की सूची भी जारी कर दी गई है। साथ ही 21 सदस्यीय पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी का भी गठन किया गया है
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी आदेश के मुताबिक 21 सदस्यीय पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी और सभी पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया गया है।
पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी में पीसीसी चीफ कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, अरुण यादव, अजय सिंह राहुल, सुरेश पचौरी, जीतू पटवारी, नकुलनाथ व अन्य को शामिल किया गया है। इसके अलावा शहर और ग्रामीण मिलाकर 64 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति हुई है।
कहा जा रहा है कि नई कार्यकारिणी में सभी गुटों को साधने की कोशिश की गई है। अरविंद बागड़ी को इंदौर शहर अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं वरिष्ठ नेता माणक अग्रवाल की पीसीसी में वापसी हुई है। माणक को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
यह कमलनाथ के लिए दुविधा थी लेकिन आख़िरकार उन्होंने अपने खास समर्थक विनय बाकलीवाल की जगह अरविंद बागड़ी की नियुक्ति कर दी। लंबे समय से उन्हें हटाने की कवायद चल रही थी। बागड़ी के साथ–साथ गोलू आग्निहोत्री का नाम भी प्रबल दावेदारों में था। वैसे बाकलीवाल अपने आपको सेफ जोन में मानकर चल रहे थे, लेकिन कल रात कमलनाथ ने फैसला ले ही लिया।