इंदौर। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक NAQS में इंदौर जिले ने स्वर्णिम उपलब्धि हासिल की है। इंदौर के प्रकाशचंद सेठी सिविल अस्पताल तथा क्षिप्रा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ने इस मूल्यांकन में क्रमशः 85 प्रतिशत तथा 94.1 प्रतिशत अंक प्राप्त किये हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एस. सैत्या ने बताया कि इस कार्यक्रम में सेवा प्रदाय की मरीजों एवं परिजनों के अधिकार, सेवा का अधिकार, सहायक सेवाएं, चिकित्सकीय देखभाल, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता एवं परिणाम मूलक सूचकांक के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है।
सर्वप्रथम अंतरिक मूल्यांकन होता है, तत्पश्चात राज्य स्तर, राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन किया जाता है। पी.सी. सेठी अस्पताल संभाग का प्रथम अस्पताल है जिसे यह उपलब्धि हासिल हुई है। इसके तहत अस्पताल को निश्चित राशि पुरस्कार स्वरूप प्राप्त होगी। इस उपलब्धि के बाद समुदाय में अस्पतालों की स्वीकार्यता बढ़ेगी, वे वैश्विक स्तर की सूची में चिन्हांकित होगें। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शिप्रा ने द्वितीय बार यह उपलब्धि हासिल की है।