हिंडेनबर्ग रिपोर्ट रिएक्शन 3 दिन में डूबे, 36.1 अरब डॉलर, टॉप टेन अमीरों की सूची से बाहर हुए गौतम अडानी

By
sadbhawnapaati
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार...
4 Min Read

नई दिल्ली। हिंडेनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडानी समूह को 65 अरब डॉलर की चपत लगी है। ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की नेटवर्थ में 36.1 अरब डॉलर (करीब 2945723900000 रुपए) की भारी गिरावट आई है। इसके साथ ही गौतम अडानी दुनिया के अमीरों की सूची में 11वें नंबर पर खिसक गए हैं।

ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी की पूंजी 84.4 अरब डॉलर रह गई है। हिंडेनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने से पहले अडानी दुनिया के अमीरों की सूची में तीसरे नंबर पर थे। हिंडनबर्ग रिसर्च ने पिछले हफ्ते बुधवार को एक रिपोर्ट में दावा किया था कि अडानी समूह दशकों से खुल्लम-खुल्ला शेयरों में गड़बड़ी और अकाउंट धोखाधड़ी में शामिल रहा है। हालांकि अडानी समूह ने इस रिपोर्ट को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा है कि यह एफपीओ से पहले उसे बदनाम करने की साजिश है।

अडानी समूह की अधिकांश कंपनियों में सोमवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट आई। ग्रुप की 10 कंपनियों में से सात गिरावट के साथ बंद हुईं। इनमें से पांच कंपनियों के शेयरों में लोअर सर्किट लगा। अडानी टोटल गैस और अडानी ग्रीन एनर्जी में 20 फीसदी की गिरावट आई। अडानी ट्रांसमिशन में 14.91 फीसदी अडानी विल्मर अडानी पावर और एनडीटीवी में 5 फीसदी गिरावट आई।

अडानी पोर्ट्स का शेयर 0.29 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज में 4.21 फीसदी एसीसी में 1.10 फीसदी और अंबुजा सीमेंट्स में 1.65 फीसदी तेजी आई। इस तरह अडानी ग्रुप की मार्केट कैप तीन दिन में 65 अरब डॉलर यानी 29 फीसदी कम हो चुका है।

पिछले हफ्ते बुधवार को अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग कंपनी ने अडानी ग्रुप पर गंभीर आरोप लगाए थे। उस दिन ग्रुप की कंपनियों में 10 फीसदी तक गिरावट आई थी। शुक्रवार को अडानी ग्रुप की कंपनियों में 20 फीसदी तक गिरावट आई। सोमवार को अडानी की नेटवर्थ में 8.21 अरब डॉलर गिरावट आई। अडानी ने पिछले साल 44 अरब डॉलर की कमाई करके सबसे ज्यादा कमाई करने वाले शख्स बने थे लेकिन इस साल वह 36.1 अरब डॉलर गंवा चुके हैं और सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले अरबपति के रूप में सामने आए हैं।

इसके साथ ही अडानी की एशिया और भारत में नंबर वन रईस की कुर्सी भी खतरे में आ गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी कभी भी उनसे आगे निकल सकते हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक अंबानी 82.2 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 12वें और एशिया में दूसरे नंबर पर हैं। अडानी और अंबानी की नेटवर्थ में अब केवल 2.2 अरब डॉलर का अंतर रह गया है। अंबानी की नेटवर्थ में सोमवार को 80.9 करोड़ डॉलर का इजाफा हुआ। वैसे इस साल उनकी नेटवर्थ में 4.96 अरब डॉलर की गिरावट आई है।

Share This Article
Follow:
"दैनिक सदभावना पाती" (Dainik Sadbhawna Paati) (भारत सरकार के समाचार पत्रों के पंजीयक – RNI में पंजीकृत, Reg. No. 2013/54381) "दैनिक सदभावना पाती" सिर्फ एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि समाज की आवाज है। वर्ष 2013 से हम सत्य, निष्पक्षता और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरें आप तक पहुंचा रहे हैं। हम क्यों अलग हैं? बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के, हम सत्य की खोज करके शासन-प्रशासन में व्याप्त गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को उजागर करते है, हर वर्ग की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना, समाज में जागरूकता और सदभावना को बढ़ावा देना हमारा ध्येय है। हम "प्राणियों में सदभावना हो" के सिद्धांत पर चलते हुए, समाज में सच्चाई और जागरूकता का प्रकाश फैलाने के लिए संकल्पित हैं।