Press "Enter" to skip to content

Sports News : भारतीय टीम ने नेपाल को हराकर सैफ अंडर-17 फुटबॉल खिताब बरकरार रखा

नई दिल्ली। भारत ने कोलंबो में खेले गए सैफ अंडर-17 फुटबॉल के फाइनल मुकाबले में नेपाल को 4-0 से हराकर खिताब जीता है। भारतीय टीम ने 10 खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए यह खिताब अपने पास बनाए रखा। इम मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से बॉबी सिंह, कोरौ सिंह, कप्तान वनलालपेका गुइटे और अमन ने एक-एक गोल दागा। वहीं नेपाल की टीम एक भी गोल नहीं कर पायी।
लीग चरण में नेपाल से 3-1 से हारने के बाद भारतीय टीम ने फाइनल में अच्छी वापसी करते हुए नेपाल को कोई मौका नहीं दिया। भारतीय टीम ने शुरु से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए हमले शुरु कर दिये। भारत के बॉबी ने 18वें मिनट में हेडर से गोल दागकर टीम को बढ़त दिलायी। इसके बाद 30वें मिनट में कोरौ सिंह ने भी एक गोल कर दिया।
दो गोल से पिछड़ने के बाद नेपाल टीम ने वापसी के कई प्रयास किये पर वह सफल नहीं हो पायी। 39वें मिनट में ही उसके कप्तान प्रशांत लक्षम ने हताशा में डैनी लैशराम पर कोहनी मार दी जिसके कारण उन्हें लाल कार्ड दिखाया गया। हाफ टाइम के बाद 63 वें मिनट में गुइटे ने भारत की ओर से तीसरा गोल किया।
वहीं अमन ने इंजरी टाइम में चौथा गोल करके भारतीय टीम की जीत पक्की कर दी। भारतीय कप्तान गुइटे को टूर्नामेंट के सबसे उपयोगी खिलाड़ी जबकि साहिल को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार मिला।  वहीं भारतीय टीम के मुख्य कोच बिबियानो फर्नांडीज ने अपने खिलाड़ियों की जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने कहा, ‘मुझे अपने खिलाड़ियों पर बहुत गर्व है। उन्होंने इसके लिए कड़ी मेहनत की थी।’
Spread the love
More from Sports NewsMore posts in Sports News »